मैथ्स और साइंस को आसान और रोचक बनाने के लिए सुपर-30 के संस्थापक पद्मश्री आनंद कुमार ने नया डिजिटल प्लेटफॉर्म सुपर इंफिनिटी लॉन्च करने की घोषणा की है. इस मंच पर कहानी, एनीमेशन, संगीत और रियल लाइफ उदाहरणों के जरिए पढ़ाई कराई जाएगी.

हर छात्र तक पहुंचाने की कोशिश
आनंद कुमार ने बताया कि सुपर-30 में हर साल केवल 30 छात्रों का ही चयन हो पाता था. ऐसे में उनके मन में हमेशा यह सवाल रहता था कि बाकी लाखों स्टूडेंट्स का क्या होगा जो सीखना चाहते हैं लेकिन अवसर नहीं मिल पाता. इसी सोच से सुपर इंफिनिटी की शुरुआत की गई है ताकि ज्यादा से ज्यादा छात्र इसका लाभ उठा सकें.
कहानी और एनीमेशन से होगी पढ़ाई
उन्होंने कहा कि इस प्लेटफॉर्म पर छात्र सिर्फ फार्मूले याद नहीं करेंगे, बल्कि यह समझ पाएंगे कि मैथ्स हमारे जीवन, प्रकृति, संगीत और ब्रह्मांड से किस तरह जुड़ा हुआ है. पढ़ाई को मजेदार बनाने के लिए कहानी, एनीमेशन, संगीत और वास्तविक जीवन के उदाहरणों का इस्तेमाल किया जाएगा.
छात्रों के साथ टिचर्स को भी मिलेगा लाभ
सुपर-30 के संस्थापक आनंद कुमार ने बताया कि सुपर इंफिनिटी प्लेटफॉर्म सिर्फ छात्रों के लिए ही नहीं, बल्कि शिक्षकों, अभिभावकों और मैथ्स में रुचि रखने वाले लोगों के लिए भी काफी फायदेमंद होगा. उनका कहना है कि इस मंच के जरिए लोग आसान और रोचक तरीके से मैथ्स और साइंस को समझ सकेंगे. उन्होंने जानकारी दी कि 12 जून से कोई भी व्यक्ति इंटरनेट पर सुपर इंफिनिटी सर्च कर इस डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ पाएगा.
0 Comments