दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीटीयू) ने अपने 85वें स्थापना वर्ष पर छात्रों के लिए कई नई एजुकेशनल और रिसर्च की पहल की घोषणा की है. विश्वविद्यालय नए डिग्री प्रोग्राम, अंतरराष्ट्रीय सहयोग, उद्योग आधारित कोर्स, एडवांस रिसर्च सेंटर और स्टार्टअप को बढ़ावा देने वाली योजनाएं शुरू करेगा.
ऑनलाइन सर्टिफिकेट प्रोग्राम भी
डीटीयू ने बीटेक छात्रों के लिए अर्थशास्त्र में डबल मेजर ट्रैक भी शुरू करने का फैसला किया है. साथ ही उद्योगों के सहयोग से माइक्रो-क्रेडेंशियल कोर्स और नौकरी कर रहे प्रोफेशनल के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रिन्यूएबल एनर्जी मैनेजमेंट और ईएसजी एवं कॉर्पोरेट सस्टेनेबिलिटी जैसे ऑनलाइन सर्टिफिकेट प्रोग्राम भी उपलब्ध कराए जाएंगे
रिसर्च सेंटर
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, भविष्य में मैकेनिकल एंड ऑटोमेशन इंजीनियरिंग में नया बीटेक कोर्स शुरू करने की योजना है. इसके बाद कंप्यूटर साइंस (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) और क्वांटम टेक्नोलॉजी में भी नए बीटेक प्रोग्राम शुरू किए जाएंगे.
डीटीयू ने बताया कि अब तक 1,000 से अधिक पीएचडी रिसर्चर यहां से डिग्री प्राप्त कर चुके हैं. क्वांटम टेक्नोलॉजी की प्रयोगशाला स्थापित करने के लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग से एक करोड़ रुपये की सहायता भी मिली है. विश्वविद्यालय ने कई नए रिसर्च सेंटर स्थापित करने और भारतीय सेना, सीएसआईआर, बजाज ऑटो समेत कई संस्थानों के साथ समझौते किए हैं.
स्टार्टअप और नई तकनीकों पर रहेगा फोकस
डीटीयू के दो स्टार्टअप दिल्ली स्टार्टअप युवा महोत्सव के शीर्ष छह स्टार्टअप में शामिल हुए, जबकि एक अन्य स्टार्टअप को फोर्ब्स इंडिया की टॉप-100 स्टार्टअप लिस्ट में जगह मिली. इसके साथ ही विश्वविद्यालय ने स्मार्ट डस्टबिन युक्त तिपहिया साइकिल जैसी इनोवेटिव तकनीकों का प्रदर्शन किया और ग्रामीण विकास के लिए नई तकनीकी व सामुदायिक परियोजनाएं शुरू करने की घोषणा भी की..
0 Comments