Rajasthan Police SI Bharti 2021: राजस्थान पुलिस सब इंस्पेक्टर (SI) प्लाटून कमांडर भर्ती 2021 दोबारा होगी. राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने राज्य सरकार की सिफारिश पर राजस्थान पुलिस एसआई भर्ती 2021 को रद्द कर दिया है. नई भर्ती के लिए जल्द ही आयोग नोटिफिकेशन जारी करेगा. नई भर्ती नए सिरे से जारी की जाएगी, जिससे जुड़ी जानकारी जल्द ही आयोग की वेबसाइट पर अपलोड होंगी. वहीं दिनों सुप्रीम कोर्ट ने पुलिस एसआई भर्ती 2021 से जुड़ी याचिका पर सुनवाई करते हुए भर्ती को रद्द रखने का फैसला सुनाया था.
आइए जानते हैं कि राजस्थान एसआई भर्ती 2021 का मामला क्या है. नई भर्ती के लिए कब से आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी? जानते हैं कि नई भर्ती के लिए कौन आवेदन कर सकता है. इन तमाम विषयों को विस्तार से जानते हैं.
नए कैंडिडेट्स आवेदन नहीं कर सकेंगे
राजस्थान पुलिस सब इंस्पेक्टर (SI) प्लाटून कमांडर भर्ती 2021 के लिए नए कैंडिडेट्स आवेदन नहीं कर सकेंगे. इस संबंध में आयोग के अध्यक्ष उत्कल रंजन साहू ने जानकारी दी है. उन्होंने कहा कि दोबारा होने वाली एसआई भर्ती 2021 में सिर्फ वे ही कैंडिडेट्स आवेदन कर सकेंगे, जो 2021 भर्ती के लिए आयोजित हुई लिखित परीक्षा में शामिल हुए थे. ऐसे कैंडिडेट्स की संख्या लगभग 3.83 लाख है.
16 मई से आवेदन फॉर्म में सुधार का मौका
राजस्थान पुलिस एसआई भर्ती 2021 दोबारा शुरू होने जा रही है. इसके लिए 3.83 लाख कैंडिडेट्स को दोबारा आवेदन करने की जरूरत भी नहीं होगी. हालांकि इन कैंडिडेट्स को अपने आवेदन फाॅर्म में सुधार का मौका मिलेगा, जिसके तहत कैंडिडेट्स आवेदन फॉर्म में मोबाइल नंबर, ईमेल एड्रेस, एड्रेस में बदलाव कर सकेंगे. इसके लिए 16 मई से 30 मई तक विंडो खुली रहेगी. वहीं जिन कैंडिडेट्स को अपने आवेदन फाॅर्म में कोई बदलाव नहीं करना है, उन्हें भी इस दौरान अनिवार्य रूप से ऑनलाइन आवेदन फाॅर्म को खोलकर सहमित देनी होगी
OTR में KYC करना होगा अपडेट, भर्ती पात्रता शर्तों में नहीं बदलाव
राजस्थान पुलिस एसआई भर्ती 2021 में दोबारा शामिल होने के लिए कैंडिडेट्स को आवेदन फाॅर्म में आवश्यक रूप से वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) में अपना KYC अपडेट करना होगा. ओटीआर में SOS ID में भी बदलाव संभव होगा. इससे लाइव फोटो, सिग्नेचर और अंगूठे के निशान ओटीआर में फैच हो जाएंगे.
वहीं आयोग ने स्पष्ट किया है कि एसआई भर्ती 2021 दोबारा शुरू की जा रही है, लेकिन भर्ती से जुड़ी किसी भी पात्रता शर्तों में बदलाव नहीं किया गया है.
859 पदों पर भर्ती, 7 लाख से अधिक आवेदन, पेपर लीक की वजह से रद्द
राजस्थान पुलिस में साल 2021 में एसआई के 859 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए थे. 7 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए है. इसके बाद लिखित परीक्षा समेत फिजिकल आयोजित किया गया. इंटरव्यू के बाद 2023 में फाइनल रिजल्ट जारी किया गया, लेकिन रिजल्ट जारी होने के बाद एसआई पुलिस भर्ती में पेपर लीक का मामला सामने आया.
मामला राजस्थान हाईकोर्ट पहुंचा. हाईकोर्ट की सिंगल बेंच ने 28 अगस्त 2025 को एसआई भर्ती को रद्द करने का फैसला सुनाया. तो वहीं हाईकोर्ट की डबल बेंच ने 2026 में भर्ती प्रक्रिया को रद्द करने का फैसला बरकरार रखा. हाईकोर्ट की सिंगल बेंचभर्ती को रद्द करते हुए पेपर लीक में RPSC के तत्कालीन अध्यक्ष और सदस्यों की भूमिका पर सवाल खड़े किए थे. वहीं इस मामले मेंRPSC के एक सदस्य को पेपर लीक मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है.
वहीं भर्ती में सिलेक्ट हुए कैंडिडेट्स ने हाईकोर्ट के डबल बेंच के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी. सुप्रीम कोर्ट ने कैंडिडेट्स की याचिका को खारिज करते हुए भर्ती को रद्द रखने का आदेश जारी किया है.
0 Comments