CA के सिलेबस में होगा बदलाव, AI की होगी एंट्री, ICAI ने बनाई कमेटी

 चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए बड़ी खबर है. ICAI जल्द ही CA सिलेबस में बड़े बदलाव कर सकता है. बदलते डिजिटल दौर को देखते हुए अब कोर्स में AI, डेटा एनालिटिक्स और ESG जैसे आधुनिक विषय शामिल किए जा सकते हैं.


चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) बनने की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए बड़ा अपडेट सामने आया है. इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) जल्द ही सीए के सिलेबस में बड़े बदलाव कर सकता है. बदलती टेक्नोलॉजी और डिजिटल दौर को देखते हुए अब कोर्स में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डेटा एनालिटिक्स, ESG और आधुनिक तकनीकी विषयों को शामिल करने की तैयारी की जा रही है. इसके लिए ICAI ने एक नई समिति का गठन किया है, जो मौजूदा सिलेबस की समीक्षा करेगी.


CA सिलेबस में होंगे नए बदलाव

अब तक सीए की पढ़ाई मुख्य रूप से अकाउंटिंग, टैक्सेशन, ऑडिट, फाइनेंस और लॉ जैसे विषयों पर आधारित रही है, लेकिन तेजी से बदलती तकनीक और डिजिटल सिस्टम के कारण ICAI अब कोर्स को आधुनिक बनाने की तैयारी में है. संस्था चाहती है कि भविष्य के चार्टर्ड अकाउंटेंट नई टेक्नोलॉजी को भी समझें और उसका इस्तेमाल कर सकें

AI और डेटा एनालिटिक्स पर रहेगा फोकस

ICAI आने वाले समय में सीए छात्रों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डेटा एनालिटिक्स और ESG जैसे विषयों को भी पढ़ाई का हिस्सा बना सकता है. संस्था का मानना है कि अब अकाउंटिंग और फाइनेंस सेक्टर में तकनीक का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है. ऐसे में छात्रों को नई स्किल्स सीखना जरूरी हो गया है.

ICAI अध्यक्ष ने बताई बदलाव की वजह

ICAI के अध्यक्ष प्रसन्ना कुमार डी के अनुसार अकाउंटिंग प्रोफेशन अब तेजी से बदल रहा है. उनका कहना है कि बिना तकनीकी जानकारी के भविष्य में इस क्षेत्र में टिके रहना मुश्किल होगा, उन्होंने कहा कि AI अब केवल एक अतिरिक्त विषय नहीं बल्कि प्रोफेशन की जरूरत बन चुका है. यही वजह है कि पूरे सिलेबस की समीक्षा करने का फैसला लिया गया है.

नई समिति करेगी पूरे कोर्स की समीक्षा

ICAI ने शिक्षा और प्रशिक्षण समीक्षा समिति (CRET) बनाई है. यह समिति पूरे CA सिलेबस की जांच करेगी और यह तय करेगी कि किन विषयों को जोड़ा जाए और कहां सुधार की जरूरत है. समिति आर्टिकलशिप ट्रेनिंग, कम्युनिकेशन स्किल और एसेसमेंट सिस्टम की भी समीक्षा करेगी. संभावना है कि दिसंबर तक समिति अपनी रिपोर्ट सौंप देगी, जिसके बाद सुझावों पर सार्वजनिक फीडबैक भी लिया जाएगा.

CA फाइनल परीक्षा में भी हुआ बदलाव

हाल ही में ICAI ने CA फाइनल परीक्षा के पैटर्न में भी बदलाव किया है. अब फाइनल परीक्षा साल में तीन बार की जगह केवल दो बार आयोजित होगी. यह परीक्षाएं मई और नवंबर में कराई जाएंगी. हालांकि फाउंडेशन और इंटरमीडिएट परीक्षा के पैटर्न में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है.

Post a Comment

0 Comments

Youtube Channel Image
JobWaleBaba Subscribe To watch more Sarkari Job
Subscribe