भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने जूनियर टेलीकॉम ऑफिसर (JTO) के 100 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है. इस भर्ती के तहत योग्य उम्मीदवारों का चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) के जरिए किया जाएगा.
जानें आवेदन से जुड़ी अहम तारीखें
आवेदन की प्रक्रिया 4 जून 2026 से शुरू हो रही. उम्मीदवार 3 जुलाई 2026 तक आवेदन जमा कर सकेंगे. आवेदन में किसी प्रकार की गलती होने पर 4 जुलाई से 11 जुलाई 2026 तक करेक्शन का मौका दिया जाएगा. कंप्यूटर आधारित परीक्षा अगस्त 2026 में आयोजित होने की संभावना है.
आरक्षित वर्गों को मिलेगा लाभ
कुल 100 पदों में से 61 पद सामान्य और ओबीसी वर्ग के लिए निर्धारित किए गए हैं. इसके अलावा एससी वर्ग के लिए 12, ईडब्ल्यूएस के लिए 10 और ओबीसी नॉन-क्रीमी लेयर उम्मीदवारों के लिए 6 पद आरक्षित हैं. दिव्यांग अभ्यर्थियों को भी सरकारी नियमों के अनुसार आरक्षण का लाभ मिलेगा.
क्या है एजुकेशनल क्वालिफिकेशन और एज लिमिट?
उम्मीदवारों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान से बीई या बीटेक की डिग्री होनी चाहिए. टेलीकम्युनिकेशन, इलेक्ट्रॉनिक्स, कंप्यूटर साइंस, आईटी, इलेक्ट्रिकल और इंस्ट्रूमेंटेशन जैसे विषयों के अभ्यर्थी आवेदन के लिए एलिजिबल हैं. इसके अलावा संबंधित विषयों में एमएससी या एमटेक डिग्री होल्डर उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं. आयु 20 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए.
चयन प्रक्रिया, फीस और सैलरी
उम्मीदवारों का चयन नेशनल लेवल की कंप्यूटर आधारित परीक्षा में प्राप्त नंबरों के आधार पर किया जाएगा. चयनित अभ्यर्थियों को 16,400 रुपये से 40,500 रुपये तक का बेसिक सैलरी मिलेगी, साथ ही अन्य सरकारी भत्तों का लाभ भी दिया जाएगा. आवेदन फीस जनरल, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 2,000 रुपये और एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए 1,000 रुपये निर्धारित किया गया है.
0 Comments